विकास भवन में बैठक लेती सीडीओ सी. इंदुमती
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सीडीओ सी. इंदुमती ग्रामीण क्षेत्र के नलकूप कनेक्शन में तय रकम से ज्यादा वसूली होने पर बिजली विभाग के अधिकारियों से खफा हैं।
शुक्रवार को विकास भवन में हुई बैठक में सीडीओ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के अभियंताओं ने अगर कनेक्शन के नाम पर अवैध वसूली बंद नहीं की, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीडीओ ने कहा कि अधिशासी अभियंता अपने-अपने क्षेत्र के भ्रमण करें और जहां पर ट्रांसफार्मर और तार खराब हैं, तत्काल बदलने की व्यवस्था करें।
जिन किसानों का नलकूप कनेक्शन का पैसा जमा है, उन्हें तत्काल स्टोर से समान दिलाया जाए, जिससे किसान खेती किसानी का काम कर सकें। राष्ट्रीय विद्युतीकरण योजना के तहत सभी अभियंता पांच-पांच गांवों का निरीक्षण कर उन्हें स्थिति की रिपोर्ट दें। स्टोर के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि स्टोर में यह सामान नहीं है, यह जवाब नहीं सुना जाएगा। ऐसी हालत में जो भी सामान नहीं है, उसके स्टीमेट तैयार कर भेजा जाए, जिससे पहल कर मंगाया जा सके।
उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह फिर से बैठक होगी। बैठक में सभी अधिकारी विस्तृत रिपोर्ट के साथ आएं। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता आरएन सिंह, एक्सईएन सरोज कुमार, एसडी सिंह, स्टोर प्रभारी सुनील कुमार भी मौजूद थे।