सिविल लाइंस एचडीएफसी बैंक के एटीएम में लगी लंबी लाइन
- फोटो : अमर उजाला
फतेहपुर। नोटबंदी के 38 दिन बाद भी हालात नहीं सुधर रहे। लोगों का अपना रुपया बैंक व एटीएम से नहीं निकल रहा है। लिहाजा ग्राहक नाराज होकर हंगामा काट रहे हैं। शुक्रवार शहर एसबीआई की मेन ब्रांच के एटीएम में पैसा न होने से गुस्साए ग्राहकों ने सड़क पर लेटकर प्रदर्शन किया। आधा घंटा तक जाम लगा रहा। इसी तरह दो अन्य बैंकों में हंगामा हुआ।
शहर के सिविल लाइंस स्थित एसबीआई की मेन ब्रांच के बाहर एटीएम में सुबह कुछ देर रुपया निकलने के बाद बंद हो गया। कुछ देर के लिए बाद में एटीएम चालू हुआ तो हुजूम उमड़ पड़ा। लोग लंबी लाइन में लग कर बारी का इंतजार कर रहे थे तभी कैश खत्म हो जाने की बात सुन भड़क गए। लोगों ने सड़क पर लेटकर व बैठकर विरोध शुरू कर दिया। इस विरोध से ट्रैफिक सिस्टम लड़खड़ा गया। पुलिस पहुंची तब आधा घंटा बाद हंगामा खत्म हुआ। नेशनल हाईवे स्थित सौंरा गांव में बैंक आफ बड़ौदा की शाखा है। सुबह साढ़े 11 बजे लाइन में लगे ग्राहकों को कैश न होने की सूचना मिलने पर बवाल शुरू कर दिया। बैंक के बाहर हंगामा करते हुए यह सड़क पर आ गए और वाहनों को रोकने लगे। नेशनल हाईवे की एक साइड करीब 20 मिनट तक बाधित रही। जाम लगाने की सूचना पर मलवां के एसओ विजय प्रताप मौके पर पहुंचे पर ग्राहकों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। ग्राम प्रधान हाजी जलालउद्दीन के समझाने पर ग्राहक सड़क से हटे।
खखरेरू इलाके के दरियामऊ गांव में बैंक आफ बड़ौदा की शाखा में दो दिन से पैसा नहीं बंट रहा था। रोज की तरह फिर आज लंबी लाइन लगी थी। बैंक कर्मियोें ने काफी देर बाद आकर पैसा न होने की बात कही। यह सुनकर ग्रामीण उत्तेजित हो गए और बैंक कर्मियों पर गुस्सा उतारते हुए सड़क जाम करने का प्रयास किया। इसकी भनक लगते ही बैंक के मैनेजर जितेंद्र साहू आगे आए और डिमांड भेजने की बात रखकर अपने ग्राहकों को शांत किया।