एसडीएम सदर को ज्ञापन देती गुलाबी गैंग की महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
गुलाबी गैंग की राष्ट्रीय कमांडर संपत पाल ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर बैंक अधिकारियों व जिला पूर्ति विभाग के खिलाफ आवाज बुलंद की। एसडीएम सदर अभिनव रंजन को ज्ञापन दिया। इसमें बैंक से रुपया निकालने व राशन कार्ड बनाने में हुई धांधली का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि गांव की गरीब जनता अपना खुद का रुपया नहीं निकाल पा रही है। गरीब किसान, मजदूर सुबह से शाम तक बैंक में लाइन लगा कर खड़े रहते हैं। शाम को शाखा प्रबंधक रुपया न होने की बात कह कर उनको वापस कर देते हैं। बैंक अधिकारियों की सांठगांठ से व्यवसाई व असरदार लोग धड़ल्ले से रुपया निकाल रहे हैं। जिला कमांडर सुशीला देवी मौर्या कहा कि अधिकारियों की मिलीभगत से कोटेदारों ने मनमाने तरीके से बीपीएल कार्ड बनाए हैं। अपात्र कोटेदारों के पास राशन खरीदने ही नहीं जाते हैं।
उसी राशन फर्जी को विभागीय अधिकारी व कोटेदार मिलकर हजम कर रहे हैं। गरीब, विधवा व निराश्रित महिलाओं के कार्ड नहीं बने हैं। इनके कार्ड बनाए जाएं। चेतावनी दी कि ज्ञापन में दी गई समस्याओं का निस्तारण न हुआ तो गुलाबी गैंग धरना प्रदर्शन करेगा। इस मौके पर शहर कमांडर शैल त्रिपाठी, जिला संयोजक गंगा विशुन, धीरेंद्र वीर मौजूद रहे।