फतेहपुर। मलवां और सदर कोतवाली क्षेत्र में एक घर में सेंध लगाकर और दूसरे का ताला तोड़कर चोरी की गई। चोर नकदी समेत करीब दो लाख के जेवर चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
मलवां थाना क्षेत्र के मोहनी का पुरवा गांव निवासी राकेश की पत्नी किरन ने बताया कि वह परिवार समेत घर के बाहर सोए थे। घर के पीछे की कच्ची दीवार में रविवार रात चोर सेंध लगाकर घुसे। कमरे में रखे बैग से सोने की टॉप्स, सोने की बाली, नाक की बाली, चांदी की पायल, बिछिया और पांच हजार रुपये चोरी कर ले गए। करीब 1600 कीमत का सरसों का तेल भी चोरी कर ले गए हैं। वह रात को मोबाइल चार्जिंग में लगाने कमरे में पहुंची, तब चोरी की जानकारी हुई। प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।
इधर, सदर कोतवाली क्षेत्र के बकंधा गांव निवासी नफीस की पत्नी तशबीरुन ने पुलिस को बताया कि वह घर में ताला बंद कर घरेलू काम से सोमवार को शहर गई थीं। शाम को घर लौटने पर कमरे का ताला टूटा पड़ा था और गुल्लक से 3200 रुपये गायब थे। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर चोर की तलाश की जा रही है।
अस्पताल से वकील की बाइक चोरी कैमरे में कैद
फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के नरायनपुर मजरे टीकर निवासी हरिश्चंद्र वकील हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह रिश्तेदार गोविंद सिंह के साथ बच्चे का इलाज कराने रविवार को बाइक से जेल रोड स्थित एक नर्सिंग होम पर गए थे। बाइक अस्पताल के बाहर खड़ी थी। लौटने पर बाइक गायब थी। पुलिस ने अस्पताल के कैमरों को चेक किया। फुटेज में एक युवक बाइक चोरी कर ले जाते कैमरे में दिखा। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर चोर की तलाश की जा रही है। संवाद