फतेहपुर। किसान के घर का ताला तोड़कर बुधवार रात चोर नकदी और जेवर समेत करीब दो लाख का सामान चोरी कर ले गए। पड़ोसियों की सूचना पर बृहस्पतिवार को रिश्तेदार के घर से परिजन पहुंचे। पुलिस ने भी पहुंचकर जांच की।
ललौली थानाक्षेत्र के बहुआ कस्बे के गांधीनगर मोहल्ला निवासी किसान मोइनुद्दीन रविवार को पत्नी शगुफ्ता अहमदी और बच्चों के साथ घर में ताला लगाकर साढ़ू इरशाद अहमद के यहां गए थे। बृहस्पतिवार सुबह पड़ोसियों ने ताले टूटे देखकर परिवार को चोरी की सूचना दी तो परिजन घर लौटे। कमरे में रखी अलमारी का लॉकर टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था।
किसान ने बताया कि लॉकर तोड़कर चोर 10 हजार रुपये नकद, पांच ग्राम सोने के बुन्दे और 350 ग्राम चांदी के जेवर ले गए। कुल मिलाकर करीब दो लाख रुपये की चोरी हुई है। बहुआ चौकी पुलिस मौके पर जांच को पहुंची। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार राव ने बताया कि जांच कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।