खागा (फतेहपुर)। प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर संग्रामपुर गांव के सामने स्थित एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी व जेवरात पार कर दिए। हाईवे के किनारे चोरों ने तीन और स्थानों पर ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
संग्रामपुर गांव निवासी राजेंद्र कुमार तिवारी ने हाईवे किनारे नया मकान बनवाया है। यहीं पर परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार की रात वह किसी काम से परिवार के साथ जिले के बाहर गए थे। देर रात रात में चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकदी व जेवरात पार कर दिए। गुरुवार की सुबह राजेंद्र घर पहुंचे तो उन्हें चोरी के बारे में पता चला। राजेंद्र ने बताया कि चोरों ने दो बक्सों का ताला तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये व जेवरात पार कर दिए।
इसी तरह चोरों ने हाईवे पर संग्रामपुर गांव के किनारे स्थित एक मंदिर से घंटा चुरा लिया। इसी मंदिर के पास स्थित मुन्ना के ढाबे का ताला तोड़कर चोरों ने 15 हजार रुपये पार कर दिए। सुजानीपुर गांव के सामने इसी गांव के दीपक साहू ने लाई का कारखाना है। बुधवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर कारखाने से 35 बोरी लाई चुरा ली। पुलिस सभी घटनाओं की जांच कर रही है।