फतेहपुर। पिता-पुत्र समेत तीन के खिलाफ कोर्ट के आदेश की अवहेलना का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के आत्मसमर्पण न करने पर संपत्ति कुर्क की कार्रवाई करेगी।
सदर कोतवाली पुलिस ने सात साल पहले राधानगर उपकेंद्र निवासी अमित मौर्या और पिता अमर मौर्या व गाजीपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर निवासी रिश्तेदार कमलेश मौर्या के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज की थी। पुलिस चार्जशीट दाखिल होने के बाद से लगातार आरोपियों की तलाश में थी, पर हाथ नहीं लग रहे हैं। कोर्ट से आरोपियों के खिलाफ दो साल पहले गैरजमानती वारंट जारी हुआ था। हाजिर नहीं होने पर कोर्ट ने तीन जनवरी 2023 को संपत्ति कुर्क की नोटिस जारी किया। इसके बाद भी आरोपी फरार चल रहे हैं। मामले के विवेचक अखिलेश कुमार ने सदर कोतवाली में कोर्ट के आदेश की अवहेलना का तीनों पर मुकदमा दर्ज कराया है। विवेचक ने बताया कि आरोपी हाजिर नहीं हुए तो कोर्ट से कुर्की का आदेश लिया जाएगा।