खखरेरू थाना क्षेत्र के पौली सुधवापुर में बीच सड़क पर आई नीलगाय को बचाने में एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से भिड़ी। महिला प्रधान के ससुर रामलखन (55) की मौके पर ही मौत हो गई। एक लेखपाल समेत दो लोग घायल हैं। घायल लेखपाल की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सदर अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया।
किशनपुर थाना क्षेत्र के मददअलीपुर मजरे रामपुर निवासी रामलखन निषाद की बहू प्रतिभा देवी ग्राम प्रधान हैं। रामलखन की बेटी बेटी के देवर धरमसेन की रविवार को खखरेरू थाना क्षेत्र के सूदनपुर गांव बारात गई थी। प्रधान के ससुर रामलखन, लेखपाल कारीकान धाता निवासी कैलाश नाथ (55) की मारुति कार से गांव के ही रहने वाले रामसिंह (40) के साथ बारात गए थे। कार लेखपाल स्वयं चला रहे थे।
सोमवार की भोर लौटते समय कार पौली और सुधवां के बीच पहुंची, कि सड़क पर अचानक नीलगाय आ गई। नीलगाय को बचाने में लेखपाल ने संतुलन खो दिया। कार पेड़ से जा टकराई। भोर का समय होने के कारण सड़क सुनसान थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह कार में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक रामलखन की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने 108 एंबुलेंस से दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन लेखपाल की हालत गंभीर होने के कारण डाक्टरों ने कानपुर रेफर किया है। उधर, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
बेटे गोपी ने बताया कि घर में उसके छोटे भाई हरिमोहन निषाद, हरिगोविंद निषाद, सर्वेश कुमार रहते हैं। बहन की रायपुर भसरौल में शादी हो चुकी है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना की रिपोर्ट लिखकर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।