महर्षि नगर कालोनी में लगा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर 72 घंटे में दो बार जल चुका है। इससे करीब एक हजार की आबादी प्रभावित है। लोगों के घरों की जलापूर्ति बंद है। घरों में लगे विद्युत उपकरण शोपीस बने हुए हैं।
जेल के पीछे महर्षि कालोनी में लगे 250 केवीए के ट्रांसफार्मर से करीब 200 लोगों को घरेलू कनेक्शन दिए गए हैं। सोमवार की अचानक ट्रांसफार्मर खराब हो गया। मोहल्ले के मुन्ना सिंह, जितेंद्र सविता, पंकज मिश्रा ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना आबूनगर उपकेंद्र के कर्मचारियों को दी गई।
तब उपकेंद्र के कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर सही करने आए और जला बताकर उपकेंद्र के जेई को सूचना दी। इसके बाद जेई अभिनव ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई, तो मंगलवार को दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया गया। दोपहर के बाद बिजली आपूर्ति चालू की गई और आधे घंटे में फिर से ट्रांसफार्मर बोल गया।
बिजली विभाग के कर्मचारी आए और फिर से ट्रांसफार्मर जलने की बात कह कर चले गए। अभी तक ट्रांसफार्मर सही नहीं हो सका है। घरों में पानी नहीं आ रहा है। अवर अभियंता अभिनव ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत व इस्टीमेट वर्कशाप में दे दिया गया है। वर्कशाप से ट्रांसफार्मर मिलते ही लगा दिया जाएगा।