हुसैनगंज। हुसैनगंज-हथगाम मार्ग पर कंधई का पुरवा के पास रविवार रात डंपर से भैंस मरने के मामले में सोमवार ग्रामीण उत्तेजित हो उठे। लामबंद ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। जिससे काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। ग्रामीण मवेशी पालक को मुआवजा दिलाए जाने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने एफआईआर लिखकर यथासंभव मदद का भरोसा दिलाकर ग्रामीणों को शांत कराया।
यह हादसा रात 10 बजे के करीब कंधई का पुरवा गांव में हुआ। गांव के होरीलाल उर्फ छेदी की चार भैंस दरवाजे के बाहर बंधी थीं। तेज रफ्तार डंपर भैंसों के ऊपर आकर पलट गया। दीवार पर डंपर टकराने से मकान का भी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। इसी मामले को लेकर गांव के लोग मवेशी पालक के पक्ष में सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों ने डंपर चालक के फरार होने पर उसे पूरी तरह से हादसे का कुसूरवार माना और प्रशासन को बुुलाने की मांग पर अड़ गए। करीब आधा घंटा तक सड़क पर हो हल्ला होता रहा। जिससे हुसैनगंज- हथगाम का यह रूट आधे घंटे के लिए ठहर गया। जानकारी पर एसआई इंद्रजीत गौतम मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बात की। ग्रामीणों ने मुआवजा की बात रखी तो समझाया कि यह प्रक्रिया कागज से होगी न कि सड़क पर इसका हल निकलेगा। वह एफआईआर लिखकर हर संभव मदद दिलाने का प्रयास करेंगे। उधर, प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र भदोरिया ने बताया कि डंपर को मौके से हटवा दिया गया है। एआरटीओ से गाड़ी मालिक का पता लगवाया जा रहा है।