फतेहपुर। शहर के आबूनगर स्थित एक मैरिज हॉल में रविवार को सेवारत मृतक आश्रित नियुक्त बीटीसी प्रशिक्षण से जुड़े साथियों का आत्मीय मिलन एवं स्मृति संगम समारोह हुआ। करीब 15 वर्षों बाद मिले साथियों ने प्रशिक्षण काल की पुरानी यादें साझा कीं।
लंबे अंतराल के बाद मुलाकात ने माहौल को भावुक कर दिया और कई साथियों की आंखें नम हो गईं। समारोह में आत्मीयता, स्मृतियों और आपसी सहयोग का संगम देखने को मिला।
समारोह की शुरुआत 93 सदस्यीय बैच के नौ दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि देने से हुई। कार्यक्रम के संचालक अनुराग मिश्र ने कहा कि यह केवल औपचारिक मिलन नहीं बल्कि उन रिश्तों और स्मृतियों को फिर से जीवंत करने का अवसर है, जिन्हें समय और परिस्थितियां समाप्त नहीं कर सकीं।
समारोह में दिवंगत साथियों के परिजन को ग्रेच्युटी काे लाभ दिलाने में सहयोग और समूह के सदस्यों की विषम परिस्थितियों में आर्थिक मदद के लिए सहायता कोष गठित करने का निर्णय लिया गया।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने समस्याओं के समाधान के लिए संगठनात्मक स्तर पर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। दिग्विजय सिंह ने फंड और पेंशन से जुड़ी समस्याओं के निराकरण में सहयोग का आश्वासन दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समारोह में रंग भर दिया। विजय श्रीवास्तव की गजल ने साथियों को भावुक कर दिया। कालिका प्रसाद तिवारी ने अपनी रचना के माध्यम से जीवन और रिश्तों की वास्तविकता प्रभावी ढंग से प्रस्तुत की।
समारोह में विनोद सिंह, रामदुलारे पाठक, लालसा यादव, प्रभावती, राखी, तारावती, अजय द्विवेदी, आदित्य गुप्त, सुधीर कुमार, अनूप सविता, राम नारायण मिश्र, सीपी वर्मा सहित अन्य साथी मौजूद रहे।
फोटो-28-शहर के एक प्रतिष्ठान में मौजूद बीटीसी प्रशिक्षण से जुड़े साथी। संवाद