कैंटीन में घुसा मालगाड़ी का गेट।
- फोटो : अमर उजाला
फतेहपुर। रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की रात मालगाड़ी का एक दरवाजा टूटकर गिरने से हड़कंप मच गया। बिहार का यात्री दबकर घायल हो गया। स्टेशन में अफरातफरी मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची और यात्री को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो के पास से करीब आठ बजे मालगाड़ी गुजरी। इसी दौरान मालगाड़ी का एक दरवाजा टूटा। धमाके की आवाज से पूरे स्टेशन में अफरातफरी मच गई। हवा में उड़ता दरवाजा बिहार के सहरसा जिले के कासिमपुर थाना क्षेत्र नहटा गांव निवासी श्यामसदा (35) के सिर में टकराया। इसके बाद कैंटीन में जा घुसा। कैंटीन पूरी क्षतिग्रस्त हो गई।
यात्री मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। आरपीएफ ने यात्री को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक देखकर डाक्टरों ने कानपुर रेफर किया। यात्री के साथियों ने बताया कि राइस मिल पर काम करने फतेहपुर आए थे। काम खत्म हो जाने पर वापस गांव जा रहे थे। स्टेशन पर महानंदा एक्सप्रेस के इंतजार कर रहे थे। जीआरपी और आरपीएफ टीमें गेट टूटने के मामले की जांच में जुटी है। जीआरपी कार्यवाहक एसओ सुरेंद्र चंद्र तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।