डीजे की धुन में कावंरिये नाचते गाते भोले बाबा के जयकारे लगाते हुए भृगुधाम भिटौरा स्थित गंगा घाट के लिए रवाना हुए। सावन के महीने के दूसरे सोमवार में देवाधिदेव महादेव भगवान भोले शंकर की पूजा अर्चना को लेकर भक्तों में उत्साह है।
सावन महीने के दूसरे सोमवार को भोले बाबा का जलाभिषेक कर श्रद्धा से बेल पत्र अर्पित करने पर शिवजी मनोवांछित फल प्रदान करते हैं। शहर में सिद्धपीठ तांबेश्वर मंदिर में साफ सफाई का काम पूरा हो गया है। सावन के सोमवार में सबसे ज्यादा भीड़ तांबेश्वर मंदिर में लगती है। कांवरिये गंगाजल लाकर शिवजी का जलाभिषेक करते हैं। भोर पहर से ही भगवान के जलाभिषेक के लिए मंदिरों के कपाट खोले जाएंगे।
इसी प्रकार जीटी रोड स्थित बड़े शिवाला, बांदा- सागर रोड स्थित मोटेश्वर महादेव मंदिर में साफ सफाई कराई गई। शहर के चौक बाजार चूड़ी वाली गली से कांवर यात्रा गिरिजा शंकर गुप्ता उर्फ अंटीना बाबू के संचालन में रविवार शाम को भृगुधाम भिटौरा रवाना हुई। यह चूड़ी वाली गली शिवमंदिर से डीजे के साथ भिटौरा घाट जाएगी। वहां से कांवर गंगाजल लाकर तांबेश्वर मंदिर में जलाभिषेक करेंगे।
डीजे की धुन में भक्त नाचते गाते हुए भिटौरा रवाना हुए। वहीं महादेव की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। भक्त हिमांशु दीक्षित, विक्की मोदनवाल, आशीष शरन, दीपक मोदनवाल, अनिल साहू, बलराम, ऋषि गुप्ता, अंकित साहू, शशांक दीक्षित, मुन्ना भइया, अमित लोहा, पंकज गुप्ता, दिलीप कुमार, उज्जवल गुप्ता ने भोले नाथ के जयकारे लगाए।
सफेद तिल्ली महादेव को है पसंद- फतेहपुर। आचार्य दुर्गा दत्त शास्त्री ने बताया कि भगवान शिव को श्रद्धा से जलाभिषेक करने से महादेव प्रसन्न हो जाते हैं। दूसरे सोमवार को सफेद तिल्ली चढ़ाना चाहिए। उन्होंने बताया कि देव मूर्ति स्नान के लिए तांबे का पात्र, तांबे का लोटा, दूध, अर्पित करना चाहिए। फिर वस्त्र, चावल, अष्टगंध, दीपक, बिल्वपत्र से बाबा मनोवांछित फल देते हैं।
आठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता हुए इंतजाम- फतेहपुर। सावन के दूसरे सोमवार की पूर्व संध्या से जिले के प्रमुख घाटों और हाईवे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की चौकसी बढ़ाई गई है। पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि जिले के प्रमुख घाटों भिटौरा, ओम घाट, असनी, शिवराजपुर, नौबस्ता, शिवमंदिर, सभा घाट, गुनीर में चौबीस घंटे पुलिस ड्यूटी लगाई है। यहां एक दरोगा व सिपाही की तैनाती की गई है।
टीएसआई के अंडर में 27 प्रशिक्षु दरोगा हाईवे मार्ग पर लगाए गए हैं। यह सभी जगहों से निकलने वाले जुलूसों पर निगरानी करेगे। जुलूस को हाइवे पार कराने व सुरक्षित घाटों तक पहुंचाएंगे। हाईवे पर कांवर यात्रा के कलस्टर मोबाइल गश्त करेंगे। छह बाइक मोबाइल हाईवे पर गश्त करेगी। किसी भी तरह की जुलूस व कांवर यात्रा निकलने पर सूचना देगी और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाएगी।
रूट डायवर्जन, भारी वाहनों पर रहेगी रोक- फतेहपुर। यातायात प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि सावन के सोमवार में भक्तों की भीड़ को देखते हुए आवागमन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। डाक बंगला जीटी रोड से शहर के अंदर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इसी प्रकार बुलट चौराहा से वीआईपी रोड पर भारी वाहनों को इंट्री नहीं दी जाएगी। यह व्यवस्था रविवार की रात्रि 11 बजे से शुरू हो गई है जो सोमवार को रात्रि 11 बजे तक लागू रहेगी। इसके अलावा अग्रसेन तिराहा, जेल चौराहा, मंडप मैरिज लान वीआईपी रोड और महर्षि तिराहा के पास बैरियर लगाए गए हैं। यहां पर चार पहिया और दो पहिया वाहनों पर रोक रहेगी। भक्त यहां से पैदल तांबेश्वर मंदिर जा सकेंगे।
गंगाजल लेने के लिए घाट पहुंचे कांवरिया- औंग (बिंदकी) जहानाबाद क स्बे के प्राचीन मंदिरों में जलाभिषेक कराने के लिए सुबह कस्बे से रवाना हुए कांवरियों का जत्था शिवराजपुर गंगा घाट पहुंच गया। रविवार को राज राजेश्वर देवा समिति के तत्वावधान में जहानाबाद कस्बे से रवाना हुई कावरियों की टीम गंगा घाट शिवराजपुर से गंगाजल भरकर वापस लौट गई। कावरियां टीम के सुरेश उत्तम, भोला अवस्थी, अमित गुप्ता, सोहन गुप्ता आदि ने बताया कि उनकी टीम रात विश्राम बकेवर कस्बे के पथिक धाम में करेंगे। सोमवार को सुबह राजराजेश्वर शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के बाद रामतलाई मंदिर में भंडारे का आयोजन करेंगे।
नवयुवक कावंडिया संघ जलाभिषेक के लिए रवाना- खागा। नगर से रविवार को नवयुवक कावडियां संघ के करीब तीन सैकड़ा शिव भक्त जल लेने के लिए शिवराजपुर घाट के रवाना हुए। संघ के अध्यक्ष रवि सविता के नेतृत्व में तीन सैकड़ा भक्त ट्रकों से रवाना हुए। सभी शिव भक्तों को परिजनों ने टीका लगाकर विदा किया। इस मौके पर रामनरेश, भोले, रामआसरे, रामकुमार, राजेश सिंह, मोनू, सोनू सिंह, राकेश सिंह सहित शिव भक्त मौजूद रहे।