असोथर (फतेहपुर)। शादी समारोह से घर लौट रहे बाइक सवार चचेरे भाइयों को मंगलवार रात तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दिया। जिला अस्पताल से कानपुर हैलट ले जाते समय एक की मौत हो गई। दूसरे की हालत में सुधार है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
असोथर थाना क्षेत्र के जरौली गांव के दुर्गा का पुरवा निवासी दुर्गाशंकर का बेटा सुरेंद्र (48) चचेरे भाई बछराज के साथ मंगलवार रात निमंत्रण से लौट रहा था। असोथर के बनपुरवा के पास बाइक में बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। डाक्टर ने सुरेंद्र की हालत गंभीर देखकर कानपुर हैलट रेफर किया। शहर कोतवाली क्षेत्र के नउवाबाग हाईवे के पास सुरेंद्र की मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर लौट गए। बछराज की हालत में सुधार देखकर डाक्टर ने घर जाने दिया। सुरेंद्र कृषि कार्य से परिवार का जीवन यापन करते थे। उनके चार बेटियां सुनैना, अंकिता, माया, सुनीता और दो बेटे विजय संजय हैं। हादसे से पत्नी गीता देवी और बेटे-बेटियां का हाल बेहाल हो गया। एसओ हेमराज सरोज ने बताया कि हादसा रात करीब 11 बजे हुआ था। घटनास्थल पर हेलमेट नहीं मिला है। बाइक थाने में खड़ी कराई गई है। बोलेरो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।