फतेहपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के अरबपुर चित्तीशाह बाबा मजार के पास मंगलवार रात घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग की गई। फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बुधवार को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
शहर के अरबपुर मोहल्ला निवासी फहीम का बेटा फैसल बाइक से दोस्त कासिम के साथ रात को घर जा रहा था। रास्ते में सैफी का बेटा निहाल, हसन खड़े थे। बाइक सवारों ने हटने के लिए हार्न बजाया। लेकिन पुरानी खुन्नस के चलते झड़प हो गई। बाइक सवार घर चले गए। वह लोग घर में बैठे थे तभी आरोप है कि रईश उर्फ बउवा, हसन, निहाल और हसन की मां सन्नो लाठी डंडे तमंचे लेकर पहुंचे। फैसल का आरोप है कि आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया। वह लोग बीच बचाव कर भागने लगे। तभी रईश उर्फ बउवा और निहाल ने तमंचे से उन लोगों पर फायरिंग की। वह लोग किसी तरह से मौके से भागे। आरोपियों में रईश उर्फ बउवा ने आशनाई के विवाद में पांच साल पहले मोहल्ले के शबलू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। कई बार स्मैक बेचने के मामले में पकड़ा जा चुका है। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। अरबपुर और पीरनपुर में मादक पदार्थ स्मैक, गांजा का कारोबार होता है। यहां अराजकतत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। अक्सर इलाके में मारपीट, चाकूबाजी, गोलीकांड की घटनाएं होती है। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी बउवा को पकड़ा गया है। जल्द ही बाकी आरोपी पकड़े जाएंगे।