फाइल फोटो-29-शनि उर्फ विधायक। स्रोत परिजन
जाफरगंज। प्रतिमा विसर्जन के बाद रिंद नदी में नहाते समय डूबे किशोर का शव करीब 21 घंटे की मशक्कत के बाद शनिवार दोपहर को मिला है। शव मिलते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई।
उमरिहा निवासी रामशंकर का पुत्र सनी उर्फ विधायक (16), गांव के रवि (18) और अंगदपुर निवासी रवि (17) के साथ शुक्रवार को रिंद नदी घाट पर प्रतिमा विसर्जन में गया था। नहाते समय गहराई में जाने से तीनों डूबने लगे थे। ग्रामीणों ने दोनों रवि को बचा लिया था।
लापता सनी की तलाश शनिवार को भी जारी रही। दोपहर करीब एक बजे किशोर का शव कटिलिहा गांव किनारे रिंद नदी पुल के नीचे मिला। गोताखोर शव बाहर लेकर आए।
यह देख मां रीना चीख पड़ी। पिता रामशंकर, भाई देवा और बहन प्रियांशी शव से लिपटकर बिलखते रहे। थानाध्यक्ष धनंजय सरोज ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है।