फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार रात शादी समारोह के दौरान आतिशबाजी के पटाखों में विस्फोट हो गया। दूल्हे के तीन भतीजे की चपेट में आने से झुलस गए। एक की हालत गंभीर है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मलवा थाना से सराय खरगू निवासी गोपी की बारात हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मवई गांव आई थी। बारात में गोपी के भतीजे सुमित (12) पुत्र अखिलेश, साहिल (12) पुत्र जयराम, विवेक (10) पुत्र धर्मेंद्र भी शामिल होने पहुंचे थे।
अगवानी के दौरान आतिशबाजी का झोला रखा हुआ था। पटाखे की चिंगारी से झोला में विस्फोट हो गया। तभी तीनों बच्चे झुलस गए। हादसे से बारात में हड़कंप मच गया। तीनों में सुमित गंभीर रूप से झुलस गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने बताया आतिशबाज एक रिश्तेदार है। वह कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र भदोरिया ने बताया कि शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी है।