शहर के तुराबअली का पुरवा इलाके में बिजली का मीटर लगवाने की खुन्नस में रविवार दोपहर महिलाएं आपस में भिड़ गई। दोनों पक्षों के बीच पथराव हो गया। एक पक्ष से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
तुराबअली का पुरवा निवासिनी शकुंतला का सास लक्ष्मी देवी और ननद श्यामकली से घर बंटवारे का विवाद चलता है। घर में अपने हिस्से पर शकुंतला ने बिजली कनेक्शन लिया है। उसका टीम शनिवार को मीटर लगा आई थी। दूसरे पक्ष ने मीटर लगवाने पर एतराज जताया था। इसी खुन्नस में पक्षों की महिलाओं के बीच रविवार को गाली गलौज शुरू हो गई। अचानक दोनों पक्षों के बीच पथराव और मारपीट होने लगा। पथराव में शकुंतला के सिर पर पत्थर लगा और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। शकुंतला का आरोप है कि उसके गिर जाने पर लाठी डंडे से जमकर पिटाई की गई। इलाकाई लोगों के बीच बचाव पर मामला शांत हो सका। कोतवाल महेश पांडेय ने बताया कि दूसरे पक्ष की महिलाओं पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।