धाता। क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र परिसर में मंगलवार भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) के कार्यकर्ताओं ने बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि, जलभराव और ग्रामीण विकास से जुड़ी समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। अधिकारियों की ओर से समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद धरना समाप्त हुआ।
विद्युत उपकेंद्र परिसर में किसानों ने कहा कि टेकारी, बम्हरौली, अढ़ौली, अजरौली सहित अन्य गांवों में क्षमता से कम ट्रांसफार्मर लगे होने के कारण बार-बार बिजली बाधित होती है। कई स्थानों पर खराब और जर्जर केबिलों के कारण आपूर्ति प्रभावित रहती है, जिससे किसानों को सिंचाई में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
सोनारी फीडर की लंबाई करीब 20 किलोमीटर होने से लाइन पर अत्यधिक लोड रहता है और नियमित आपूर्ति नहीं हो पाती। अढ़ौली गांव से इस फीडर को खरसेडवा पावर हाउस से जोड़कर लाइन की लंबाई और लोड कम किया जाए, ताकि अन्य फीडरों की तरह सोनारी फीडर पर भी निर्बाध बिजली मिल सके। पलवा गांव में लंबे समय से जलभराव व मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था की समस्या बनी हुई है।
प्रदर्शन के दौरान पहुंचे उपखंड अधिकारी विद्युत प्रभात कुमार ने किसानों को आश्वस्त किया कि सोनारी फीडर को अढ़ौली के रास्ते खरसेडवा पावर हाउस से जोड़ने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। उन्होंने खराब केबिलों को चरणबद्ध तरीके से बदलने और आपूर्ति व्यवस्था सुधारने का भी भरोसा दिलाया।
नगर पंचायत की ओर से पहुंचे मनीष पासवान ने जलभराव की समस्या के समाधान के लिए ईंट सोलिंग कराने तथा रास्ते पर स्ट्रीट लाइट लगाने का आश्वासन दिया। खंड विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार यादव ने कहा कि सभी ग्राम सचिवालयों में सचिव और कर्मचारी नियमित रूप से बैठेंगे, जिससे ग्रामीणों की समस्याओं का समय पर निस्तारण हो सके। अधिकारियों से मिले लिखित एवं मौखिक आश्वासन के बाद शाम करीब पांच बजे धरना समाप्त कर दिया गया। इस मौके पर करन सिंह, अखिलेश सिंह, लवलेश सिंह, शुभम, वीरेंद्र, धीरेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, दिलीप, सत्यजीत सिंह, उदयभान सिंह सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।