फतेहपुर। गर्भवती पत्नी को पीटकर घर के अन्य परिजन को कमरे में बंदकर ताला लगाने के आरोप में भाजपा नेता समेत 24 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दूसरे पक्ष से भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस निवासी अंकिता शुक्ला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 27 फरवरी 2019 को भाजपा नेता अभिषेक शुक्ला के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराली दहेज की मांग के लिए प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने लगे। वह गर्भवती है।
इलाज के लिए रुपये मांगने पर पति ने उसे पीट दिया। वह छह जनवरी को वह पिता के घर उनके जन्मदिन पर कटरा अब्दुलगनी मोहल्ला आई थी। यहां से कुछ सामान लेने बाजार चली गई। आरोप है कि पति 20 साथियों के साथ पहुंचा। यहां पिता व भाई, छोटी बहन को जान से मारने की धमकी देकर ताले में बंद कर दिया। इसके बाद उसकी पिटाई कर दी। पिता ने 112 डायल में सूचना दी।
सदर कोतवाली क्षेत्र के अग्रसेन चौराहा निवासी आलोक कुमार शुक्ला ने पुलिस को बताया कि भतीजे अभिषेक की पत्नी अंकिता पुत्री प्रकाश चंद्र द्विवेदी निवासी कटरा अब्दुलगनी पांच जनवरी को घर आई। उसने परिजन के साथ गाली गलौज की।
मना करने पर अंकिता ने झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मानी। कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि दोनों पक्ष की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।