फतेहपुर। शहर में गुरुवार को बाइकर्स का शोर थम गया। अपने शौक में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले इन बाइकर्स की गाड़ियों को पुलिस ने एसपी के आदेश पर पकड़ कर सीज कर दिया।
शहर में सूर्य डूबने के साथ ही मुख्य सड़कों पर कानफोडू स्पीड से बाइक दौड़ती नजर आती है, जो सभी वर्ग के लोगों के लिए मुसीबत साबित हो रही है।
बुलेट बाइक के साइलेंसर से पटाखा फूटने जैसी आवाज निकलती है। तेज रफ्तार के साथ यह आवाज और भी भयावह लगती है।
जब इस तरह की बुलेट बाइक पास से निकलती है तो लोग सहम जाते हैं। कई लोग अपनी वाहन की स्पीड धीरे कर देते हैं तो कई लोग डर कर गिर जाते हैं।
अधिक उम्र के वृद्ध साइकिल चालक तो आए दिन दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं। इन पर कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक सतपाल आंतिल ने कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
इसके बाद गुरुवार को पुलिस ने बाकरगंज, ज्वालागंज, पटेल नगर, आईटीआई रोड से गुजरने वाली आठ बुलेट बाइकों को सीज कर दिया।
इन बाइकों के शौकीनों ने नंबर भी कई तरह की डिजाइन से डलवाए हैं। एसपी ने बताया कि ऐसी बाइकों के पकड़े जाने के बाद एमवी एक्ट के तहत सीज करने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा वाहनों पर 5 से 10 हजार रुपये तक का जुर्माना ठोंका जाएगा।
दिल का दौड़ा पड़ने का खतरा
जिला अस्पताल के चेस्ट फिजीशियन डॉक्टर आरएम गुप्ता के मुताबिक अचानक धमाके की आवाज दिल के मरीजों के लिए जान का खतरा बन सकती है।
दिल के मरीजों के रास्ते में गुजरते समय ऐसी अचानक धमाके जैसी आवाज होती है तो उन्हें हार्टअटैक भी पड़ सकता है। अचानक इन हालातों में मनोवैज्ञानिक रूप से एक्सीडेंट का भी खतरा हो सकता है।
चौकी इंचार्जों की होगी जवाबदेही
एसपी ने बताया कि बाइकों में ट्रिपलिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए है। चौकी इंचार्जों को भ्रमणशील रहने के आदेश दिए है।
किसी के साथ बीमार है या फिर कोई गंभीर विषय है तो उसे छोड़ा जाए। बाकी जिस क्षेत्र में ट्रिपलिंग करते बाइक सवार दिखे तो उस क्षेत्र के चौकी प्रभारी की जवाबदेही होगी।