बकेवर। थाना बकेवर क्षेत्र के देवमई बैठका चौराहा के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को हैलट रेफर किया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की दोपहर में दुबेपुर निवासी रामू उर्फ आशू (28) पुत्र जगतपाल अपने साथी अनुज पुत्र राम प्रताप निवासी गोसाईंखेड़ा के साथ बाइक से अपने गांव दूबेपुर जा रहा था। देवमई बैठका के पास सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें रामू उर्फ आशू की सिर पर गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई और अनुज गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसे कानपुर के हैलट अस्पताल भेजा गया है। थाना बकेवर के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।