हुसैनगंज। मामा के साथ चारा लेकर घर लौट रही बाइक सवार बालिका की शुक्रवार शाम मौरंग लदे ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। वहीं हादसे में मामा घायल हो गया।
थाना क्षेत्र के लकड़ी गांव के अवधेश पाल की पुत्री रश्मि (11) कक्षा सात की छात्रा थी। 10 दिन पूर्व ननिहाल हुसैनगंज थाना के ओझापुर गांव आई थी। वह शुक्रवार शाम मामा कुलदीप (20) के साथ बाइक से चारा लेकर घर लौट रही थी। बाइक में मौरंग लदे ट्रैक्टर ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे बालिका और बाइक चला रहा मामा सड़क पर गिर गए। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खंती में चला गया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने बालिका को मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।