चौडगरा। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के हाईवे पर मोहन पेड़ा के सामने सोमवार को शहर से बकेवर जा रहे बाइक सवारों को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार श्रेयांशी तिवारी (27) की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे युवक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बकेवर निवासी बृह्मदत्त तिवारी की बेटी श्रेयांशी तिवारी (27), बहन लल्लन दीक्षित की जेठानी के लड़के जहानाबाद थाना गांव बंथरा निवासी शिवम दीक्षित के साथ बाइक से रविवार को शहर के चौक निवासी बड़ी बहन गुड्डन के घर गई थी। सोमवार शाम चार बजे गांव लौटते समय हाईवे स्थित मोहन पेड़ा के सामने पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से श्रेयांशी तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार युवक शिवम दीक्षित (28) घायल हो गया। घायल को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। युवती की मां संपत देवी रो रोकर बदहवास है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि ट्रक समेत चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।