फतेहपुर। दोस्त के साथ बाइक से एक शादी समारोह में जा रहे बिजली मिस्त्री दिनेश कुमार की सड़क हादसे में मौत हो गई। इनकी बाइक रास्ते में टूटकर लटकी डाल से टकरा गई थी। दोस्त को मामूली चोट लगी है। इस हादसे से परिवार में मातम छा गया है। दिनेश के बहन की बारात नौ मई को आनी थी, जिसे टाल दिया गया। दिनेश कुमार यादव (26) मूलरूप से सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के निवासी नवल किशोर के तीसरे नंबर के बेटे थे। यह रांची कोल विभाग में इलेक्ट्रीशियन (ट्रेनिंग) पद पर तैनात थे। नवल ने बताया कि चार दिन पहले दिनेश छुट्टी पर घर आया था। यहां इकलौती बेटी रेखा की नौ मई को बारात आनी थी। घर में हंसी-खुशी के माहौल में तैयारी चल रही थी। बकेवर थाना क्षेत्र के सदान बदान का पुरवा निवासी सुंदर सिंह के छोटे भाई राजू से शादी तय है। इधर, दिनेश के बड़े भाई महेश कुमार ने बताया कि ओरम्हा गांव के लोहार बिरादरी के यहां रविवार बारात आई थी। दिनेश इसमें शामिल होने को दोस्त पप्पू के साथ बाइक से रात दस बजे निकला था। उन्हें रात 11 बजे खागा से चार किलोमीटर दूर हादसा होने की जानकारी मिली। पता चला कि भाई को 108 एंबुलेंस से ट्रामा सेंटर ले जाया गया है। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बहन के आंसू नहीं रुक रहे
फतेहपुर। रेखा तीन भाइयोें में इकलौती है। महेश व नरेंद्र उससे बड़े हैं जबकि दिनेश छोटा था। भाई की सड़क हादसे में गई जान के बाद वह अपनी किस्मत को कोस रही है। शोकाकुल परिवार उससे ढांढस बंधाने का प्रयास कर रहे हैं।
टली रेखा की बारात
फतेहपुर। पोस्टमार्टम हाउस आए सदान बदान का पुरवा निवासी सुंदर सिंह ने बताया कि अब वह भाई राजू की बारात मंगलवार नहीं लाएंगे। दोनों पक्ष बात कर बारात की तारीख आगे बढ़ाएंगे। ऐसी दुख की घड़ी में वह रेखा के परिवार के साथ हैं। उन्हें घटना का बेहद अफसोस है।
------