खागा। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर मंगलवार शाम तेज रफ्तार बाइक हाईवे किनारे रखे पत्थर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय सचिन पासवान की मौत हो गई। पीछे बैठा उसका दोस्त रोहित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
भानपुर गांव निवासी सचिन पासवान पुत्र सुखराम मंगलवार शाम करीब सात बजे पड़ोसी दोस्त रोहित कुमार के साथ पल्सर बाइक से जा रहा था। पश्चिमी बाईपास पर पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे रखे पत्थर से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी में डॉक्टर ने सचिन को मृत घोषित कर दिया। रोहित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि पत्थर से टकराने के बाद दोनों उछलकर सिर के बल सड़क पर गिरे। सिर पर गंभीर चोट लगने से सचिन की मौत हुई।