........................
अमौली। ट्रांसफार्मर फुंकने से बुढ़वां गांव में तीन दिन से आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों के मुताबिक ट्रांसफार्मर साल में तीसरी बार फुंका है। बिजली आपूर्ति न होने से पेयजल संकट की समस्या भी बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी में बिजली न होने से हाल बेहाल है। पंखे, कूलर बंद पड़े हैं। रात में सोना भी दूभर हो रहा है। सबमर्सिबल न चल पाने से पानी की भी समस्या बनी हुई है। पुराने जर्जर लटकते तारों के आपस में टकराने एवं क्षमता से अधिक लोड पड़ने से ट्रांसफार्मर एक साल में तीसरी बार फुंका है।
इसकी शिकायत ग्रामीणों ने अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों से भी की है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सनोज प्रधान का कहना है की विभाग बिल जमा कराने में जितनी सख्ती करता है उतनी तत्परता के साथ समस्या का भी निदान करे। पुराने जर्जर तार अविलंब बदलने की जरूरत है।
अवर अभियंता बंशीधर ने बताया कि स्टीमेट बना कर भेजा गया है जल्दी ही केबल डाले जाएंगे। ट्रांसफार्मर रविवार की सुबह तक चालू हो जाएगा।
जहानाबाद। गर्मी के साथ अघोषित विद्युत कटौती भी तेज हो गई है। शाम के वक्त घंटों की बिजली कटौती से लोग बेहाल हैं। लोगों का कहना है कि बिजली न होने से क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है। सप्ताह भर से शाम सात बजे के बाद अक्सर तीन से चार घंटे की अघोषित कटौती हो रही।
कटौती के बाद जब बिजली आती है तो भी बीच-बीच में ट्रिंपिंग होने से संकट बना रहता है। कस्बे के नीरज अवस्थी, मनोज सिंह का कहना है कि दुकानदार कामर्शियल बिल का भुगतान करते हैं, लेकिन उन्हें शाम की दुकानदारी के समय बिजली नहीं मिलती।
अवर अभियंता सुरेश कुमार ने बताया कि बिजली कटौती पनकी के निर्देश से की जाती है, जितनी सप्लाई मिल रही है उतनी दी जा रही।
.............................