बहुआ। ब्लॉक क्षेत्र के खटौली गांव में शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (अरा) की पंचायत हुई। इसमें किसानों ने बिजली किल्लत का मुद्दा उठाया। जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम ने सभी किसानों की समस्याओं को हल कराने का आश्वासन दिया।
खटौली गांव में किसान पंचायत पर किसानों ने कहा कि टोल प्लाजा में किसानों के वाहनों से वसूूली की जाती है और अभद्रता की जाती है। क्षेत्र में बिजली की समस्या के कारण धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। पुलिस चौकी के सामने वाहनों को रोक कर चालान के नाम पर पुलिस अवैध वसूली करती है। अढ़ावल गांव में बिजली के 18 खंभे टूटे पड़े हैं, पखरौली फीडर से शाखा लाइन अलग कराई जाए, ताकि बिजली व्यवस्था बहाल हो सके।
किसान पंचायत में पहुंचे नायब तहसीलदार विकास पांडेय, खाद्य निरीक्षक, सुषमा पांडेय, एसडीओ अभिनव श्रीवास्तव, उपकेंद्र के अवर अभियंता अमित कुमार और टोल प्लाजा संचालक पीएस परिहार ने किसानों से वार्ता की और उनकी सभी समस्याओं को हल कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, प्रीतम सिंह, दीपक गुप्ता, सोनू सिंह गौतम, भानु पटेल, घनश्याम गुप्ता, बउवन शुक्ला, रंजीत यादव, शिवाजीत सिंह और गुड्डू लोधी मौजूद रहे।