फतेहपुर। मलवां ब्लॉक के औंग कस्बा में सीजन-3 दीवाना मस्ताना क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। टूर्नामेंट के दौरान शुक्रवार को भाऊपुर व औंग (विंटेज स्टार) के मध्य मैच खेला गया। इसमें भाऊपुर की टीम ने औंग (विंटेज स्टार) को छह विकेट से करारी शिकस्त दी।
टूर्नामेंट के दौरान औंग की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी औंग की टीम निर्धारित ओवर में 72 रन पर सिमट गई। औंग की शुरुआत बेहद खराब रही, सलामी बल्लेबाज बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। करण के 18 और साक्षी के 19 रन के योगदान के बावजूद टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। 73 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भाऊपुर की टीम की शुरुआत ठीक न रही। शुरुआत में ही टीम ने अपने चार विकेट खो दिए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए रोशन ने मैदान पर उतरते ही मैच का रुख बदल दिया।
रोशन ने महज 16 गेंदों का सामना करते हुए ताबड़तोड़ 38 रन की नाबाद पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाई। रोशन की शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। टूर्नामेंट के आयोजक अभिषेक पटेल और आशीष पटेल ने बताया कि समस्त ग्रामवासियों और व्यापार मंडल के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मैच का सीधा प्रसारण फेसबुक लाइव के माध्यम से किया जा रहा है।