धाता। भाकियू टिकैत गुट के पदाधिकारियों ने धरना-प्रदर्शन के दूसरे दिन प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए धाता-चित्रकूट मार्ग जाम कर दिया। डीएम ने फोन पर कार्रवाई का आश्वासन दिया तब प्रदर्शनकारी माने और जाम खोला।
किसानों ने एक जनप्रतिनिधि की ओर से संचालित अवैध डिस्पेंसरी की जांच व कार्रवाई, गेहूं खरीद के सरकारी क्रय केंद्र को धाता से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थानांतरित किए जाने पर पुनः स्थानीय स्तर पर स्थापित करना, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी दीप नारायण की क्षतिग्रस्त मूर्ति स्थल का पुनर्निर्माण तथा तिराहे पर लंबे समय से अतिक्रमण हटाने की मांग की है। वहीं, मंगलवार को सुनवाई नहीं हुई तो उन्होंने दोपहर डेढ़ बजे धाता-चित्रकूट हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान ईओ ने पहुंचकर डीएम से वार्ता कराई तो उन्होंने सभी मामलों में कार्रवाई का आश्वासन दिया। पौने दो घंटे बाद जाम खोला गया। इस दौरान वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी। धरने में रविकरन सिंह, कामता प्रसाद, जितेंद्र सिंह, गिरजा शंकर मिश्र, महेश सिंह, कुलदीप सिंह, महेश फौजी आदि मौजूद रहे।