नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवकों से ठगी करने का आरोपी चार साल बाद पकड़ा गया है। ठगी और फर्जीवाड़े के आरोप में पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मकनपुर गांव निवासी रईश अहमद के बेटे सिराज अहमद ने कानपुर के चमनगंज थाना क्षेत्र के प्रेमनगर निवासी हामिद अंसारी के बेटे मोईन हसन सिद्दीकी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सिराज ने बताया कि करीब छह साल पहले आरोपी शहर के मसवानी मोहल्ला निवासी गुफरान अहमद के माध्यम से मिला था।
सिराज और गुफरान से पांच-पांच लाख रुपये रोडवेज में वरिष्ठ लिपिक के पद पर तैनाती के लिए लिए थे। इसके बाद उप्र राज्य परिवहन निगम की ओर से सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक यातायात लखनऊ वरिष्ठ सहायक लिपिक को नियुक्त पत्र 11 सितंबर 2014 में दिया था। नियुक्त पत्र के आधार पर कार्यालय पहुंचे। वहां फर्जी नियुक्ति पत्र होने का पता लगा। छानबीन में उनके साथ लाला बाजार मोहल्ले के महताब, अरशद से भी पांच-पांच लाख रुपये की ठगी के मामले सामने आए। आरोपी से रुपये वसूलने के लिए वह कई बार कानपुर गए। वह हमेशा टरका देता था।
हुसैनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थानेदार विपिन कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को सातमील के पास आने की सूचना पर पकड़ा गया। आरोपी ने फर्जीवाड़ा कर लाखों रुपये हड़पे हैं।