फतेहपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कई प्रत्याशियों ने बीडीओ और आरओ पर मतगणना में हेरफेर, पक्षपात कराने व जल्दबाजी में प्रमाणपत्र देने का आरोप लगाया है।
मंगलवार को चुनाव में धांधली का आरोप लगाकर सवंत वार्ड से क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी सुनील तिवारी कलक्ट्रेट की फर्श पर लेट कर एडीएम लालता प्रसाद के सामने अपना विरोध जताया था। इसके अलावा लतीफपुर की गायत्री देवी ने तीन मत से हराने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि वह पहले 11 मत से चुनाव जीत चुकी थी, लेकिन बाद में हरा दिया गया। मतगणना की प्रक्रिया को लेकर रायपुर भरसौल की जनता भी लामबंद होकर विरोध जाहिर कर चुकी है। सदर तहसील क्षेत्र के कठेरवा ग्राम पंचायत से प्रधान पद के उम्मीदवार शिवकुमार ने बताया कि साजिश के तहत उन्हें हराया गया है। पांच मत की हेराफेरी की गई। विरोध करने पर भगा दिया गया। मतगणना केंद्र के अंदर जाने से रोका गया। बकौल शिवकुमार, बीडीओ और आरओ ने उनकी बात नहीं सुनी। पुलिस ने भी मामले की अनसुनी की। वह हारे नहीं बल्कि हरा दिए गए हैं।