अधिवक्ता संघ चुनाव के लिए सोमवार को भी नामांकन पत्र दाखिल हुए। अध्यक्ष पद के लिए एक पर्चा भरा गया। इस तरह से अब तक इस पद के लिए दो उम्मीदवार सामने आ चुके हैं।
सचिव व उपाध्यक्ष पद के लिए तीन-तीन उम्मीदवार सामने आए जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए दो ने पर्चे भरे। मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी जबकि बुधवार को पर्चा वापसी का मौका दिया जाएगा।
अधिवक्ता संघ चुनाव के लिए नरेंद्र मिश्र पहले ही नामांकन करा चुके हैं। रमाकांत वर्मा के सोमवार नामांकन कराने से इस पद के लिए दो दावेदार मैदान में आ चुके हैं। यदि नामांकन पत्रों की जांच तथा वापसी के बाद यह दोनों उम्मीदवार डटे रहते हैं तो सीधा मुकाबला होगा। जिसकी संभावना प्रबल बताई जा रही है।
सचिव पद के लिए राकेश कुमार ,विमलेश कुमार तथा मदन चंद्र यादव ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। उपाध्यक्ष पद के लिए सत्यार्थी सिंह गौतम, अजय कुशवाहा, लोकेंद्र पाल सिंह ने पर्चा भरा है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए नवाज हुसैन व लक्ष्मी सिंह गौतम ने नामांकन दाखिल किया है।
जबकि कोषाध्यक्ष पद के लिए अखिलेश्वर , संयुक्त सचिव के लिए विष्णु दत्त तिवारी तथा संयुक्त सचिव प्रशासन के लिए अखिलेश चंद्र ने नामांकन दाखिल किया है। जबकि छह वरिष्ठ तथा कनिष्ठ सदस्यों ने भी पर्चा दाखिला किया है।
चुनाव अधिकारी रामकरण सिंह चौहान तथा जय सिंह यादव ने बताया कि अधिवक्ता संघ के चुनाव में 217 मतदाता मताधिकार करेंगे। 24 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 25 नवंबर को पर्चा वापसी की जा सकती है। चार दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। उसी दिन गिनती के बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।