डिस्ट्रिक बार एसोसिएशन और एल्डर्स कमेटी के बीच विवाद खत्म हो गया। बार के अध्यक्ष सुशील मिश्रा और महामंत्री विजय कुमार सिंह ने शुक्रवार को एसोसिएशन चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया। बताया कि आम सहमति से डिस्ट्रिक बार एसोसिएशन का चुनाव 23 दिसंबर को कराने का निर्णय लिया गया। शनिवार से सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
चुनावी कार्यक्रम में शनिवार से पांच दिसंबर तक सदस्यता अभियान चलेगा। अधिवक्ता 10 रुपये शुल्क अदा कर वोटर बन सकेंगे। अनंतिम सूची का प्रकाशन सात दिसंबर को होगा। सूची को लेकर आपत्तियों का निस्तरण नौ दिसंबर को किया जाएगा।
अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 11 दिसंबर को होगा। 14 व 15 दिसंबर की सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे। 15 दिसंबर को दोपहर तीन बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 16 दिसंबर को दोपहर दो बजे तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रकाशन 16 दिसंबर को किया जाएगा। 23 दिसंबर को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।
24 दिसंबर को सुबह नौ बजे से मतगणना होगी। अध्यक्ष और महामंत्री ने बताया कि संशोधित चुनाव कार्यक्रम एल्डर्स कमेटी की सहमति से घोषित किया गया है। चुनाव संपन्न कराने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी संतोष कुमार दीक्षित और सहायक चुनाव अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद त्रिपाठी, जगनायक सचान को जिम्मेदारी दी गई है।