फतेहपुर। बैंक शाखा प्रबंधक महिला के अपहरण के मामले में पति समेत चार ससुरालियों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। महिला का आरोप है कि पूरे घटनाक्रम को पति ने उसका मोबाइल हथियाने के लिए अंजाम दिया। उसने पुलिस से मोबाइल बरामद कराने की मांग की है।
कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र की विश्व बैंक कॉलोनी निवासी अराधना चौहान बिंदकी कोतवाली के खजुहा स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में शाखा प्रबंधक हैं। उनका सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर निवासी पति वीर विक्रम सिंह से विवाद चल रहा है। अराधना ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम पति बैंक पहुंचे और केबिन में जाकर साथ चलने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उन्हें जबरन कार में बैठा लिया और करीब तीन घंटे तक बंधक बनाकर घुमाते रहे।
आरोप है कि इसके बाद रात करीब 10 बजे उन्हें आबूनगर स्थित ससुराल ले जाया गया। यहां पति, ससुर, चचेरे ससुर ज्ञानेंद्र और फुफेरे भाई विवेक तोमर ने मारपीट कर मोबाइल छीन लिया। कार चालक सुधीर गुप्ता ने डायल यूपी-112 पुलिस और मायके पक्ष को सूचना दी। पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और महिला को मुक्त कराकर मामा सत्यप्रकाश सिंह भदौरिया के सुपुर्द किया।
महिला का आरोप है कि ससुरालियों ने जान से मारने की धमकी दी और पति ने मोबाइल गायब कर दिया। मोबाइल में बैंक शाखा का सीयूजी नंबर और वैवाहिक विवाद से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद हैं। कोतवाल राजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर मोबाइल की तलाश कराई जा रही है। घर में भी तलाश की गई लेकिन मोबाइल बरामद नहीं हो सका।