बिंदकी। भाकियू टिकैत गुट ने मांगों को लेकर आधा घंटे तक बांदा-सागर मार्ग जाम रखा। पुलिस के आश्वासन पर जाम खोला। इसके बाद यातायात बहाल हो पाया।
खजुहा ब्लाक क्षेत्र के भवानीपुर गांव में चल रहे भाकियू के अनिश्चितकालीन धरने के पांचवें दिन संगठन के लोग बिफर पड़े और बांदा-सागर मार्ग पर दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। रोड जाम की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। आंदोलनकारी आला अधिकारियों को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गए। पुलिस ने जल्द
समस्याओं का निराकरण कराने के आश्वासन दिया, जिसके बाद यूनियन के पदाधिकारियों ने आधे घंटे बाद जाम खोला। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि समस्याओं के निराकरण होने तक धरना जारी रहेगा। वह लोग बिजली कटौती बंद करने, खजुहा ब्लाक के मंडराव गांव में आबादी की जमीन से कब्जा हटाने, 20 साल से बंद पानी की टंकी से
जलापूर्ति शुरू कराने, सरकंडी चौकी में पुलिस की तैनाती, कांशीराम कालोनी से अवैध कब्जा हटाने की मांग कर रहे हैं। इस मौके पर यूनियन के खजुहा ब्लाक अध्यक्ष अंगद सिंह, बबलू सिंह, कालिया, सुखीराम, देवदत्त गिरी, रज्जन सिंह आदि मौजूद रहे।