नगर के दंगल में दांव पेंच दिखाते पहलवान
- फोटो : अमर उजाला
नगर के रामलीला कमेटी के ऐतिहासिक दो दिवसीय इनामी दंगल में गुरुवार को पहलवानों ने कुश्ती में कई तरह के दांवपेंच दिखाए। महिला पहलवानों की कुश्ती शुक्रवार को होगी।
दंगल का शुभारंभ बार एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्त ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया।
पहली जोड़ी लंहगी के सूरज और गोहदीपुर के अंकेश की रही, जिसमें अंकेश ने जीत का परचम लहराया। इसके बाद अयोध्या के बजरंगी पहलवान और कानपुर के शिव सिंह के बीच मुकाबला हुआ। बजरंगी ने अपने दांवपेंच से शिवसिंह को चित कर बाजी मारी। शिवम सतना और दिनेश महोबा की कुश्ती बराबर पर छूटी। इसी प्रकार बुंदेलखंड के बालमुकुंद और दिल्ली के खली के बीच मुकाबला हुआ। यह कुश्ती भी बराबर पर छूटी। फतेहपुर के श्रीराम लम्हेटा और बिहार केशरी कल्लू के बीच कुश्ती बहुत ही रोमांचक रही। दोनाें पहलवानों ने अपने-अपने दांव पेंच से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
अंत में श्रीराम ने केशरी पहलवान कल्लू को पटखनी दे दी। दो दर्जन से अधिक पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन किया। महिला पहलवानों की कुश्ती आज होगी। इस मौके पर कमेटी के सभी पदाधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे।