फतेहपुर। बहुआ ब्लाक प्रमुख की कुर्सी पर खतरा मंडराने लगा है। सोमवार को बीडीसी सदस्यों ने डीएम से मुलाकात कर उन्हें ब्लाक प्रमुख फूलमती के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर शपथपत्र दिया। उधर, ब्लाक प्रमुख ने अपने साथ 60 बीडीसी सदस्य होने का दावा किया है।
बता दें कि वर्ष 2015 में हुए ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव में आधे से अधिक सपा समर्थित प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए थे। अन्य ब्लाकों में भी ऐराया को छोड़ कर सभी जगह सपा प्रत्याशी निर्वाचित हुए थे। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनने के बाद अविश्वास प्रस्ताव लाने की कवायद शुरू हो गई।
वैशाली शिवहरे और अन्य क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने सदर विधायक विक्रम सिंह के प्रतिनिधि जनमेजय सिंह के नेतृत्व में डीएम मदन पाल आर्य से मुलाकात की और अपने पक्ष में 62 बीडीसी सदस्यों का दावा किया। उन्होंने कहा कि ब्लाक प्रमुख फूलमती क्षेत्र पंचायतों के प्रति उपेक्षापूर्ण व्यवहार करती हैं। क्षेत्र पंचायत के सदन में उनका बहुमत खत्म हो गया है।
ब्लाक प्रमुख बनने के बाद उन्होंने एक भी कार्यसमिति का गठन नहीं किया। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य ममता देवी, सरोज देवी, अरुण कुमार, बृजकुमार, संदीप सिंह, छेदालाल, संजय सिंह, भाजपा नेता धनंजय द्विवेदी, अभिषेक शुक्ला, आनंद सिंह, भूपेंद्र सिंह, बेलू, जमुना प्रसाद, विजय सिंह, विनय निषाद, संजय पांडेय, सिद्धनाथ तिवारी, भूपेंद्र सिंह, ज्योतिष अवस्थी भी मौजूद रहे।