गेहूं खरीद की नहीं बढ़ी तारीख
फतेहपुर। गेहूं खरीदने की तारीख बढ़ने की अफवाह से किसानों की केंद्रों पर नोकझोंक बढ़ गई है। रविवार को किसान सुबह ही क्रय केंद्रों पर पहुंच गए। छुट्टी के दिन मिले चौकीदार के जवाब से संतुष्ट न होने पर इन्होंने नोकझोंक की। अफसरों का कहना है कि गेहूं खरीद की तारीख नहीं बढ़ाई गई है। किसान भ्रमित न हों।
समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के लिए एक अप्रैल से जिले में आठ संस्थाओं के 60 केंद्र खोले गए थे। 15 जून को सभी क्रय केंद्रों पर हुई गेहूं खरीद की रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। इसी दिन से गेहूं क्रय केंद्रों पर खरीद बंद कर दी गई है। गेहूं खरीद के लिए 15 दिन बढ़ने की अफवाह पर जो किसान गेहूं नहीं बेच पाए, वह खरीद केंद्रों पर पहुंच कर दबाव बना रहे हैं।
एडीएम आलोक सिंह का कहना है कि 15 जून तक गेहूं खरीद करने का समय था। इसी दिन सभी क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद बंद करा दी गई है। शासन से अभी तक तारीख बढ़ने का आदेश नहीं आया है। वहीं, डिप्टी आरएमओ आरके त्रिपाठी का भी कहना है कि खरीद की रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है। अब गेहूं को गोदाम में पहुंचाने का काम शुरू है। ठेकेदार अपने वाहन से ढुलाई करा रहे हैं। किसी का भी गेहूं नहीं खरीदा जा रहा है।
लक्ष्य की आधी हो सकी खरीद
फतेहपुर। गेहूं खरीद का लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया है। कोई भी संस्था लक्ष्य पूरा नहीं कर पाई। पिछले साल के गेहूं खरीद के लक्ष्य को जरूर पछाड़ दिया है। पिछले साल जिले में 57 खरीद केंद्र खोले गए थे। 75 हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य था। इस बार 60 खरीद केंद्रों को एक लाख 80 हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य दिया गया था। सिर्फ 75 हजार मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है।
- 15 जून से बंद हो चुकी है गेहूं की खरीद