बाबरी विध्वंस की 24वीं बरसी पर हिंदू नेताओं ने अलग
अलग कार्यक्रमों का आयोजन कर अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का संकल्प
लिया।
अखिल भारत हिंदू महासभा की ओर से बाबरी विध्वंस की 24वीं बरसी
पर हनुमान मंदिर पटेलनगर चौराहे में अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर
निर्माण के लिए एक गोष्ठी हुई।
मंदिर में सुंदरकांड का पाठ, हनुमान मंदिर
में चालीसा व महाआरती कर कार्यकर्ताओं ने मंदिर निर्माण की सौगंध खाई।
बच्चा बच्चा राम का, जन्म भूमि के काम का, सौगंध राम की खाते हैं हम मंदिर
वहीं बनाएंगे आदि जोशीले नारे लगाए।
गोष्ठी में प्रदेश महामंत्री मनोज
त्रिवेदी ने कहा कि राम मंदिर का मुकदमा सबसे पहले 1949 में फैजाबाद के
तत्कालीन हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह विशरद ने दायर किया था।
उच्च न्यायालय में हिंदू महासभा आज भी मुख्य पक्षकार की भूमिका में अपना
कैबिनेट दाखिल कर चुकी है। राम मंदिर की बात पर भाजपा पहले पूर्ण बहुमत न
होने का बहाना बनाती थी लेकिन अब पूर्ण बहुमत की सरकार है।
यदि भगवान राम
में निष्ठा है तो लोकसभा में विधेयक लाकर मंदिर निर्माण प्रारंभ करा दें।
गोष्ठी में जिला प्रवक्ता स्वामी राम आसरे आर्य, करन सिंह पटेल, रमेश
व्यास, सुरेश त्रिपाठी, बाबू तिवारी, संतोष नेता, निर्मल, शिवाकांत
शस्त्री, दुर्गादत्त शस्त्री, पुत्तीलाल, देवनाथ धाकड़े, प्रकाश चंद्र
अवस्थी, आरएन सिंह, अनिल शुक्ला आदि रहे।
उधर, विहिप और बजरंग दल के
पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुराइनटोला स्थित हनुमान मंदिर में शौर्य
दिवस मनाया और सुंदरकांड का पाठ कर महाआरती की। इस दौरान विहिप और
बजरंगियों ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया।