किशनपुर। वार्ड नंबर सात में स्थित बालाजी सराफ की दुकान को एक बार फिर चोरों ने निशाना बनाया। सोमवार रात अज्ञात चोरों ने दुकान की छत में लगे जाल को काटकर अंदर घुसने की कोशिश की। जाल मजबूत होने के कारण चोर अंदर प्रवेश नहीं कर सके। हैरानी की बात यह है कि दुकान थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर है। लगातार तीसरी बार दुकान में चोरी और चोरी का प्रयास होना पुलिस की चौकसी पर सवाल खड़े कर रहा है।
सराफ बालाजी ने पुलिस को बताया कि चोरों ने छत के रास्ते घुसने की कोशिश की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो रात करीब दो बजे एक संदिग्ध युवक दुकान के सामने से गुजरता दिखाई दिया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
दुकान में इससे पहले अगस्त में चोरी का प्रयास हुआ था। वहीं, सितंबर में चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर लॉकर से माल पार कर दिया था। इसके बाद व्यापारी ने दुकान के पीछे और छत पर नया निर्माण कर सुरक्षा बढ़ाई थी। थानाध्यक्ष इंद्रपाल सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सितंबर में पुलिस ने सराफ की दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए बैटरी और लोहे का सामान चुराने वाले तीन लोगों को पकड़ा था। उन पर ही सराफ चोरी का आरोप मढ़ा गया था। अब तीनों आरोपी जेल में हैं और फिर से दुकान में चोरी का प्रयास हुआ है। ऐसे में पुलिस की पिछली जांच पर सवाल उठने लगे हैं।