फतेहपुर। इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर एक युवती को बदनाम करने का मामला सामने आया है। साइबर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
औंग थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने शिकायत में बताया कि उसके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर किसी ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई। उस आईडी से उसकी एक दोस्त के साथ फोटो एडिट कर वायरल की गई है। साथ ही रिश्तेदारों और परिचितों को आपत्तिजनक मैसेज भी भेजे जा रहे हैं।
इस हरकत से युवती और उसका परिवार मानसिक तनाव में है। सामाजिक बदनामी भी झेलनी पड़ रही है। प्रभारी निरीक्षक श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर फर्जी आईडी को बंद करवा दिया गया है। आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।