फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के विरोध में महिला को पति और ससुरालियों ने जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की। पुलिस ने शुक्रवार को पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी चार दिसंबर 2024 को थाना क्षेत्र के ही एक गांव निवासी युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर पति, जेठ, जेठानी, सास, ससुर प्रताड़ित करने लगे।
इसी बीच पति और जेठानी को उसने आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। विरोध करने पर पति ने उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाए। शहर में जेठानी के पास छोड़कर मुंबई चला गया। यहां जेठ ने कमरे में आकर दुष्कर्म की कोशिश की।
19 जुलाई को पति मुंबई से लौटे। इसके बाद दूसरी शादी की बात कही। विरोध करने पर पति, जेठानी, सास और ससुर ने मिलकर उसे पीटा और ज्वलनशील पदार्थ डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। उसने भाई व पुलिस को कॉल की। पुलिस ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। प्रभारी निरीक्षक राजीव मिश्रा ने बताया कि पति पांच ससुरालियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
बहू और परिजन को ससुरालीजन ने पीटा
असोथर। महिला और परिजन को ससुरालीजन ने पीट दिया। थाना क्षेत्र के बजहाकुटी मजरे सातों धरमपुर गांव निवासी शंहशाद की पत्नी शबाना ने बताया कि मां अफसाना व पिता कुरैश बुधवार को घर आए थे। सास गयासुन, देवरानी गौसिया, जेठ एहसान और एहशाद ने घरेलू विवाद में उससे और परिजन को गाली-गलौज की। विरोध पर चारों ने उसे लाठी-डंडे से पीटा। प्रभारी निरीक्षक राजीव मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।