हथगाम। छिवलहा मार्ग पर दुकान चलाने वाले एक किशोर पर उधार सामान देने से इन्कार करने पर चाकू से हमला कर दिया गया। इससे किशोर का हाथ जख्मी हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के फुद्दी का पुरवा गांव निवासी रितिक यादव (16) पुत्र गुलाब सिंह यादव की हथगाम-छिवलहा मार्ग पर पानी, गुटखा व अन्य सामान की दुकान है। परिजन ने बताया कि बुधवार को रितिक दुकान पर बैठा था। तभी इरादतपुर धामी गांव निवासी हरिओम मौर्य पहुंचा और उधार में सामान मांगने लगा।
रितिक ने इन्कार किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इस पर हरिओम ने चाकू से रितिक के दाहिने हाथ पर हमला कर दिया। इससे उसका हाथ जख्मी हो गया। परिजन ने सीएचसी हथगाम में किशोर का इलाज कराया। पिता गुलाब यादव की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी हरिओम मौर्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।