फतेहपुर। घर में घुसकर युवती का हाथ पकड़कर घसीटने के विरोध पर परिवार पर धारदार हथियार से हमला किया गया। हमले में परिवार के छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
खागा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती गुरुवार रात खाना बना रही थी तभी पड़ोसी गप्पू अचानक घर में घुस आया। फिर उसका हाथ पकड़कर घसीटने लगा, विरोध पर मारपीट की। युवती के चिल्लाने पर भाई, चचेरा भाई, दो ताऊ समेत अन्य परिवार के लोग दौड़े। परिजनों ने गप्पू को रोकने की कोशिश की।
गप्पू के शोर मचाने पर उसके परिवार के सजीवन, कृपाल, खेलावन व अन्य कुल्हाड़ी, लाठी-डंडा लेकर आ गए और युवती व उसके परिजनों पर जानलेवा हमला कर दिया। वह और परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। परिवार को गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घायलाें को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
-
चौराहे पर रिक्शा चालक को बेल्ट से पीटा
फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाने के चौकी चौराहा पर रिक्शा चालक को बेल्ट से पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।खागा कोतवाली के मानू का पुरवा निवासी मो. जुबैर ई-रिक्शा चालक है। वह ई-रिक्शा लेकर गुरुवार को चौकी चौराहे से लौट रहा था। सुल्तानपुर घोष बहेरा सादात निवासी तुफैल, झल्लर, एहसान ने चौकी चौराहे पर रिक्शा भाड़ा लेकर उसे बेल्ट व लात-घूसों पीटा। पुलिस से शिकायत पर गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद