फतेहपुर। सेवानिवृत्त रोडवेज कर्मचारी का एटीएम बदलकर लाखों की रकम पार कर देने का मामला सामने आया है। एक माह बाद जानकारी होने पर कर्मचारी ने पुलिस से शिकायत की है।
पक्का तालाब मोहल्ला निवासी मसरूर अली सेवानिवृत्त रोडवेज कर्मचारी हैं। छह फरवरी 2022 को वह सेंट्रल बैंक आफ इंडिया के एटीएम में रुपये निकालने गए थे। एटीएम पर एक युवक रुपये निकालने के बहाने पहुंचा था।
रुपये निकालने के बहाने से उसका एटीएम बदल लिया। रुपये नहीं निकलने पर एटीएम लेकर कर्मचारी घर पहुंच गया। वह 27 मार्च को नया एटीएम लेने बैंक पहुंचा। तभी उसे खाते से रकम पार होने की जानकारी हुई।
उसके एटीएम से छह से आठ फरवरी के बीच एक लाख 77 हजार रुपये निकले हैं। एएसपी ने जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। कोतवाल आनंद शुक्ला ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। (संवाद)