फतेहपुर। साइबर अपराधियों ने एटीएम कार्ड की क्लोनिंग करके खाते से साढ़े 22 हजार रुपये निकाल लिए। एटीएम कार्ड की क्लोनिंग का खुलासा तब हुआ जब खाते से रकम निकाल जाने के बाद खाताधारक के पास मैसेज पहुंचा। बैंक शाखा में जानकारी की तो बताया गया कि रकम एटीएम कार्ड के जरिए निकाली गई है। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के चंदियाना मोहल्ला निवासी तेजस सेठ ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक अक्तूबर की शाम चार बजकर 53 मिनट पर खाते से रुपये निकलने का मैसेज आया। दो बार में साढ़े नौ-नौ हजार और तीसरी बार में 3500 रुपये निकाले गए थे। उनका बैंक खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में है। बैंक शाखा में बताया गया कि उनके एटीएम कार्ड से पैसे निकाले गए है। यह सुनकर वह चौंक गए क्योंकि एटीएम उनके पास था। तब पता चला कि साइबर अपराधियों ने एटीएम कार्ड की क्लोनिंग करके खाते से रकम निकाली है। सदर कोतवाल अनूप सिंह ने बताया कि आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।