शहर में खुले मिले एकमात्र एटीएम में लाइन लगाए उपभोक्ता
- फोटो : अमर उजाला
सिविल लाइन निवासी दिनेश मिश्रा पीएनबी बैंक के एटीएम बूथ पहुंचे तो बंद बूथ देखकर झल्ला उठे। बोले बैंकों की व्यवस्थाएं सिर्फ छलावा हैं। कहने को तो एटीएम है लेकिन जरूरत के समय कभी पैसा नहीं मिल पाता। इसी तरह मुराइनटोला के उपभोक्ता राकेश श्रीवास्तव, देवीगंज की पल्लवी मिश्रा पत्थरकटा स्थित एसबीआई के एटीएम बूथ में गिरा शटर देख परेशान नजर आए। चार दिन से बैंकों के एटीएम की बदहाल व्यवस्था से उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ा।
शनिवार को शहर के सिविल लाइन स्थित पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम दिनभर बंद रहा जिससे कै श के लिए आए उपभोक्ताओं को निराशा हाथ लगी। बैंक के शाखा प्रबंधक आरके सिंह ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी है ठीक कराने के लिए उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी है। एक दो दिन में सही हो जाएगा।
इसी प्रकार आईडीबीआई और एसबीआई ग्रामीण शाखा के बैंक के एटीएम का शटर बंद मिला जिससे उपभोक्ताओं को भटकना पड़ा। एसबीआई के पत्थरकटा शाखा के एटीएम और आईटीआई रोड स्थित बैंक आफ बड़ौदा के एटीएम बूथ भी बंद मिले। हालांकि यह लीड बैंक का एटीएम है।
सिविल लाइन स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम में कैश निकल रहा था जिससे यहां उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लगी रही। आलम यह रहा कि लोड अधिक होने से दो एटीएम में एक एटीएम मशीन ने काम करना बंद कर दिया। चौक निवासी उपभोक्ता विक्रम सिंह ने बताया कि बच्चों के लिए कापी किताबें खरीदनी हैं इसलिए कैश निकालने आए थे लेकिन एटीएम बंद होने से कैश नहीं निकल पाया। अब तो किसी से उधार लेकर काम चलाना पड़ेगा।