जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने इंदिरा और
लोहिया आवासों के आवंटन में हो रही धांधली पर अफसरों को जमकर फटकार लगाई।
उन्होंने
कहा कि आवास आवंटन के नाम पर सुविधा शुल्क लेने की शिकायतें मिल रही हैं।
हिदायत दी कि व्यवस्था में सुधार लाएं, नहीं तो दोषियों के खिलाफ सीधे
निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को केंद्रीय राज्यमंत्री की
अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बैठक हुई। साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा
कि विकास कार्यों में तेजी लाई जाए, अधिकारी पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य
करें। गरीब जनता को योजनाओं का पूरा लाभ मिले।
उन्होंने गरीबों को
गैस कनेक्शन और आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कहा कि इंदिरा आवासों
और लोहिया आवासों में जनता से पैसा लिया जाता है। इसलिए कमेटी का गठन करके
इसकी जांच कराई जाए। नहरों में पर्याप्त पानी न पहुंचने पर सिंचाई विभाग के
अधिशासी अभियंता को फटकार लगाई।
अधिशासी अभियंता के जलनिगम को
निर्देश दिए कि हैंडपंपों को रीबोर कराएं और सूची उपलब्ध कराएं। विद्युत
विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि सातों व मुरांव में खराब
ट्रांसफार्मर को तीन दिन के अंदर ठीक कराकर सूचना दें।
डीएफओ को
निर्देश दिए कि पौधरोपण के लक्ष्य 31 अगस्त तक पूरा कराएं। उन्होंने
ग्रामीणांचल इलाके की बदहाल सफाई व्यवस्था पर जिला पंचायत राज अधिकारी
नंदिनी जैन को फटकार लगाई। डीएम पुष्पा सिंह ने केंद्रीय मंत्री को आश्वस्त
किया कि जो निर्देश मिले हैं, उनका पूरी पारदर्शिता से पालन कराया जाएगा।
सदर
विधायक विक्रम सिंह ने सालिड वेस्ट प्लांट न चलने पर नाराजगी जताई। कहा कि
इतनी महत्वपूर्ण योजना के कुशल संचालन न होने से कचरे का निस्तारण नहीं हो
पा रहा है।
बैठक में जहानाबाद विधायक मदन गोपाल वर्मा, सांसद
प्रतिनिधि राकेश तिवारी, विधायक प्रतिनिधि सुनील उमराव, जिला पंचायत सदस्य
नरसिंह पटेल, डीडीओ मिथलेश सचान, परियोजन निदेशक आरके गौतम, उपायुक्त
मनरेगा आरपी मिश्र, अनिल श्रीवास्तव, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी रश्मि
भारती समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।