जैसे-जैसे करवाचौथ का पर्व नजदीक आ रहा है। सुहागिन महिलाओं व युवतियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। मार्केट में खरीददारी का सिलसिला गति पकड़ता जा रहा है। किसी को अमेरिकन डायमंड का नेकलेस भा रहा है तो कोई गोल्ड प्लेडेन ज्वैलरी का दीवाना है। करवाचौथ में इस बार हर कोई अलग दिखने के लिए आतुर है।
कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी यानी 30 अक्तूबर को करवाचौथ का पर्व मनाया जाएगा। सुहागिन महिलाएं अपने पति के अटल सुहाग के लिए व्रत रखती हैं और चंद्र देव को अर्ध्य देकर विधि विधान से पूजा अर्चना करती हैं। वहीं युवतियों में भी इस पर्व को लेकर खासा उत्साह दिखता है।
शहर के चौक चूड़ी वाली गली इलाके में मंगलवार को ज्वैलरी की दुकान में महिलाएं खरीददारी करती नजर आई। कलक्टरगंज की रहने वाली मोहिता मिश्रा ने अमेरिकन डायमंड का नेकलेस खरीदा तो शादीपुर निवासी सोनल तिवारी गोल्ड प्लेडेन ज्वैलरी खासी पसंद आई।
इसके अलावा महिलाओं ने जरकन नेकलेस, कुंदन ज्वैलरी, पर्ल इयरिंग, दुल्हन सेट, बाइडिल ज्वैलरी, साड़ी पिन आदि की खरीददारी की।
दुकानदार मोहम्मद यासीन ने बताया कि करवाचौथ पर्व के चलते इन दिनों खासी भीड़ रहती है। सुबह जल्दी और शाम को देर तक दुकान खोल रहे हैं ताकि ग्राहक परेशान न हों। इसी प्रकार कलक्टरगंज की ज्वैलरी की दुकानों और हरिहर गंज इलाके में कास्मेटिक सेंटरों में भी भीड़ दिखी।